|
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। भारत में तेजी से हाथियों की संख्या में गिरावट हो रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह इनका अवैध शिकार है। कुछ लोग इनका हाथी दांत के लिए अवैध शिकार कर रहे हैं। हाथी दांत की विदेशी बाजार में काफी मांग रहती है। इसका ही फायदा उठाने के लिए शिकारी इनका धड़ल्ले से शिकार कर रहे हैं। इनके दातों का इस्तेमाल साज-सजावट की चीजों को बनाने से लेकर शक्ति वर्धक दवाओं में भी धड़ल्ले से हो रहा है। ब्लैक मार्केट में हाथी दांत की कीमत $1500 (लगभग 1 लाख रुपये) से शुरू होती है। अब तक का सबसे लम्बा हाथी दांत 138 इंच का दर्ज हुआ है जिसका वज़न लगभग 142 किलोग्राम था। आपको बता दें कि हाथी की सामान्य आयु 70 तक वर्ष होती है और वे स्पर्श, दृष्टि, गंध और ध्वनि से संवाद करते हैं। हाथी बहुत बुद्धिमान होते हैं तथा वे भावनात्मक रूप से भी काफी परिपूर्ण होते हैं। किसी करीबी की मृत्यु हो जाने पर उन्हें उदास या रोते हुए भी देखा गया है।
|