मुंबई, प्रेट्र। अमीर-गरीब के बीच अंतर कम करने की कोशिशों के बीच देश के अमीरों पर जारी हुई ताजा रिपोर्ट अलग ही तस्वीर बयां कर रही है। बारक्लेज-हुरुन इंडिया के मुताबिक, देश में दो साल में ऐसे लोगों की तादाद दोगुने से भी ज्यादा हो गई है, जिनकी संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये या इससे ज्यादा है। 2018 की सूची में ऐसे लोगों की संख्या 831 है। 2016 में यह संख्या 339 थी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी इस सूची में सबसे ऊपर हैं। इस सूची में शामिल लोगों में सबसे कम उम्र ओयो रूम्स के रितेश अग्रवाल की है। वह मात्र 24 साल के हैं। वहीं, 95 साल की उम्र के साथ एमडीएच के धरमपाल गुलाटी सूची के सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं। सूची में महिलाओं की संख्या भी सालभर पहले के मुकाबले 157 फीसद बढ़कर 136 हो गई है। सूची में सबसे ज्यादा 13.7 फीसद लोग फार्मा सेक्टर से जुड़े हैं।